उधौली(बाराबंकी)। पत्नी से विवाद के चलते युवक ने फांसी लगा ली। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजा कटरा निवासी कल्लू (28) पुत्र रामलखन ने मंगलवार रात घर में ही फांसी लगा ली। परिवारीजनों ने देखा तो उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। कल्लू के फोन से पुलिस को एक कॉल रिकॉर्डिंग बरामद हुई है, जिसमें उसने अपनी पत्नी के गलत व्यवहार का जिक्र किया है।
चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पत्नी के बिना बताए कहीं चले जाने से आहत होकर कल्लू ने फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।