बाबा परमानंद की मुश्किलेें बढ़ी, जब्त होगी चल अचल संपति
देवा (बाराबंकी)। निसंतान महिलाओं में बच्चा पैदा कराने के बहाने उनका यौन शोषण करने के आरोपी ढोंगी बाबा परमानंद की मुसीबतें बढ़ती नजर आ रही है। जेल में बंद कथित तांत्रिक बाबा परमानंद के खिलाफ देवा पुलिस ने संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई शुरु कर दी है। इस कार्यवाही के तहत बाबा के इस अवैध व अनैतिक कृत्यों से अर्जित की गई करोड़ों की संपत्ति को पुलिस जब्त कर सकती है। अब सिर्फ जिलाधिकारी की संस्तुति का इंतजार है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हर्रई में हर्रई धाम के नाम से आश्रम चलाकर वहां पर निसंतान महिलाओं की बेबसी का फायदा उठा कर उन्हें संतान पैदा करने की लालच दे उनका यौन शोषण करने वाले बाबा परमानंद उर्फ राम शंकर तिवारी को देवा पुलिस ने 24 मई 2016 को चित्रकूट से गिरफ्तार किया था। बाबा के आश्रम की जांच में पुलिस को बाबा के साथ वीवीआईपी लोगों के साथ की फोटो के एल्बम का जखीरा मिला था। जानकार पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस ने बाबा परमानंद द्वारा गलत तरीके से अर्जित की गई संपत्ति की जब्तीकरण की कार्यवाही शुरु कर दी है। कार्यवाही अमल में आने के बाद अब सिर्फ जिलाधिकारी की स्वीकृति मिलने का इंतजार है। एसओ बीडी तिवारी का कहना है कि डीएम से संस्तुति मिलने के बाद बाबा की हर्रई, देवा से लेकर लखनऊ तक की कीमती नामी एवं बेनामी संपत्ति जब्त की जाएगी।