युवक को मृत दिखा दूसरे के नाम कर दी वरासत
सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। तहसील प्रशासन द्वारा लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां पर जीवित आदमी को मृत दिखाकर उसकी नौ बीघा जमीन की वरासत दूसरे जिले के लोगों के नाम कर दी गई है। खुद को जिंदा साबित करने के लिए पीड़ित दर-दर की ठोकरें खा रहा है। पीड़ित ने लेखपाल पर मोटी रकम लेने का आरोप भी लगाया है।
मामला तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के ग्राम परसावल का है। यहां के रामदास पुत्र संतलाल ने आरोप लगाया है कि हल्का लेखपाल ने सुविधा शुल्क लेकर मृत घोषित कर दिया और पीड़ित की जमीन गाटा संख्या 00611 क्षेत्रफल 0.9000 बृजमोहन, सन्तराम, अनन्तराम पुत्रगण रामदास निवासी कटरा शहवाजपुर परगना गवारिच तहसील कनैलगंज जिला गोंडा के नाम वरासत कर दिया है। अब पीड़ित एक वर्ष से दर-दर की ठोकरें खाते हुए प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त फैजाबाद, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगा चुका है किंतु कोई सुनवाई नहीं हुई और नतीजा शून्य ही रहा। आज मंगलवार को पीड़ित ने शिकायत का नया रास्ता निकालते हुए अपने शरीर पर स्लोगन लिखकर तहसील दिवस में प्रार्थनापत्र दिया जो कि चर्चा का विषय बना रहा।