पेड़ पर लटकती मिली ईंट भट्ठे के मुंशी की लाश
बाराबंकी। ईंट भट्ठे के एक मुंशी का शव गांव के बाहर फांसी के फंदे से लटकता मिला। परिवारीजन व ग्रामीण उसे उतारकर जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
पुलिस के मुताबिक सतरिख थाना क्षेत्र के मंजीठा गांव निवासी अयोध्या प्रसाद गौतम उर्फ नन्हा(45) एक ईंट भट्ठे पर मुंशी था। रविवार सुबह यह अपने घर से भट्ठे के लिए निकला था। इसके बाद करीब नौ बजे उसका शव गांव के बाहर आम के एक पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने परिवारीजनों को दिया तो मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने आनन-फानन में अयोध्या को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वही अचानक हुई इस घटना से परिवारीजनों का रो-रो कर काफी खराब हाल है।