ट्रक की टक्कर से तहसील के संविदा कर्मचारी की मौत
बाराबंकी। हैदरगढ़ तहसील में तैनात एक संविदाकर्मी की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह किल्ला गांव के पंकज कुमार मिश्रा (22) पुत्र तेज नारायण बाइक से बाराबंकी मार्ग पर जा रहे थे। गौरा गांव के पास विपरीत दिशा से तेज गति से जा रहे ट्रक की टक्कर लगने से वे घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से सीएचसी पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। टक्कर मारने वाला चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक तहसील में संविदा पर मतदाता पंजीकरण केंद्र पर ऑपरेटर का काम कर रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही राजस्वकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। नायब तहसीलदार अजय यादव, देवानंद श्रीवास्तव, राजेंद्र वर्मा आदि ने मृतक के घर पहुंच हादसे पर दुख जताया है। पंकज अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। हादसे ने पिता तेज नारायण व माता कृष्ण कुमारी का एक मात्र सहारा छीन लिया है। पंकज ने 20 दिन पहले अपनी बहन का विवाह काफी धूमधाम से किया था।