23 मृतकों के परिवार को मिली आर्थिक सहायता, तीन की चल रही जांच
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के रानीगंज स्थित सरकारी ठेके से खरीदी गई जहरीली शराब पीने से अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 23 लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता राशि के रूप में दो-दो लाख रुपये देने का प्रशासन ने दावा किया है। तीन लोगों की मौतों की मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है। प्रशासन का कहना है कि उनकी मौत की वजह स्पष्ट होने पर परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस मामले में आबकारी निरीक्षक समेत 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
रानीगंज स्थित सरकारी ठेके से जहरीली शराब पीने से 28 मई को सौ से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। शाम तक 16 लोगों की मौत हो गई। गंभीर हालत में दर्जनों लोगों को जिला अस्पताल और लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती कराया गया। इसके बाद शासन-प्रशासन में हड़कंप मचा। जांच के आदेश हुए। कार्रवाई के लिए टीमें गठित की गईं। जहरीली शराब पीने से रानीगंज व आसपास के गांवों के 26 लोगों की मौत हो चुकी है।
इनमें से 23 मृतकों के परिवारों को जिला प्रशासन ने अब तक आर्थिक सहायता के रूप में दो-दो लाख रुपये दिए हैं। रजनीश, राजेन्द्र और विनय की मौत की मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है। अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता बताते हैं कि 26 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 23 लोगों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। तीन लोगों की मौत की मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।