रिटायर्ड दरोगा के घर लाखों के जेवरात चोरी
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने एक रिटायर्ड दरोगा के मकान को निशाना बनाया। अलमारियों के ताले तोड़कर चोर नकदी समेत नौ लाख रुपये के जेवरात समेट ले गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी पर पहुंचे एएसपी व सीओ ने जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
यह घटना सफदरगंज थाना क्षेत्र के उधौली गांव निवासी पुलिस के रिटायर्ड दरोगा अवध शरण द्विवेदी के घर हुई। शनिवार देर रात दरवाजे का ताला तोड़कर चोर मकान में दाखिल हो गए। चोरों ने उन कमरों में बाहर से कुंडी बंद कर दी जिनमें परिवार के सदस्य में सो रहे थे। दूसरे कमरे में रखी तीन अलमारियों के ताले व लॉक तोड़कर चोर नकदी और जेवरात समेट ले गए। रविवार सुबह अवध शरण के बेटे दिनेश की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा खोलवाने के बाद घटना के जानकारी हुई।
परिवारीजनों के मुताबिक चोर दो लाख 63 हजार रुपये के साथ करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात ले गए हैं। बच्चों के गुल्लक से भी रुपये निकाल गए। अवध शरण की बहू योगिता ने बताया कि रसोई से बोतल निकालकर चोर उसे छत पर ले गये और पानी भी पिया। घटना की सूचना पर एएसपी अशोक शर्मा, सीओ राजेश यादव व एसओ विवेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।