दिनदहाड़े ट्रक लूटकर भाग रहे चार बदमाश दबोचे
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित राजमार्ग पर ट्रक लूटकर फरार होने की सूचना पर पुलिस ने चार के विरुद्ध लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। बताया गया है कि निजी फाइनेंस कंपनी का बकाया होने पर मुख्य चौराहे से दौड़कर ट्रक रोककर खुलेआम गुंडागर्दी की शिकायत पुलिस अधिकारियों से होने पर कार्रवाई हुई है। कोतवाल ने कहा रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने डीसीएम ट्रक बरामद कर आरोपियों को गिरफ्त में लिया है।
मंगलवार की सुबह नौ बजे मुख्य चौराहे से निकले ट्रक का स्कार्पियों सवार लोगों ने पीछा कर सिंचाई कॉलोनी के निकट नहर पुलिया पर रोका और चालक को जबरन नीचे उतार कर ट्रक लेकर चले गए। कोतवाल पीके तिवारी ने बताया कि बुलंदशहर के थाना अगौता के गांव किसौली निवासी नरेंद्र कुमार ट्रक पर देशी घी व दूध पाउडर लादकर गुवाहाटी से भुवनेश्वर जा रहे थे। रास्ते में ट्रक लूटने की शिकायत पर कस्बा हैदरगढ़ निवासी राम नरेश सिंह, अंसारी गांव के कौशलेंद्र कुमार, गोतौना के अमित सिंह व बिबियापुर के राजकुमार के विरुद्ध लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई डीसीएम उस पर लदे माल सहित बरामद कर ली है। लूट के मुख्य आरोपी रामनरेश सिंह निजी फाइनेंस कंपनी से संबद्ध रखते हुए अपने गुर्गों के साथ कर्ज आदायगी नहीं होने पर वाहनों की धरपकड़ करता है और बकाया में पकड़े गए वाहनों को खड़ा करने के कस्बे में ही बाकायदा गैराज बना रखा है। इनके अनुसार डीसीएम पर निजी कंपनी का पौने दो लाख रुपया बकाया होने पर उसको रोका गया था।