रामनगर (बाराबंकी)। रंजिश के चलते ग्राम प्रधान के भाई की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर कोटेदार समेत 6 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज कर मामले की जांच करने में जुटी है।
मामला रामनगर थाना क्षेत्र के बिलौली गांव का है। यहां के निवासी ग्राम प्रधान विनय प्रजापति की कोटेदार से राशन बांटने व तालाब की जमीन पर मकान बनाने को लेकर चल रहे विवाद को लेकर रंजिश थी। हत्या से दो घंटे पहले खेत में पानी लगाने को लेकर हो रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे प्रधान के भाई धर्मपाल को भी विपक्षियों ने धमकी दी थी। गुरुवार को दिल्ली में रहने वाली ग्राम प्रधान की पत्नी सुनीता गांव आई थी। ऐसे में प्रधान की मां सावित्री काफी दिन बाद आई बहू से बात करने के लिए हाते में सोने नही गई और छोटे बेटे धर्मपाल (20) को भेज दिया था। रात करीब 10 बजे घर से सोने के लिए धर्मराज हाते में गया। इसी दौरान उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया। हत्या से पूर्व धर्मराज के शोर मचाने की आवाज गांव के ही विश्वनाथ,गया व चेतराम ने सुनी। प्रधान के भाई कैलाश को बताई। वह मौके पर पहुंचता कि हत्यारोपी हाते से 100 मीटर दूर स्थित तालाब में शव फेंक कर भाग चुके थे। मौके पर पहुंचे लोगों ने आनन-फानन में तालाब से धर्मपाल के शव को बाहर निकालकर रामनगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी अनिल कुमार, एएसपी उत्तरी दिगंबर कुशवाहा व रामनगर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्राम प्रधान विनय प्रजापति की तहरीर पर कोटेदार हंसराज, सुहेल, पप्पू यादव, श्री केशन, मैनू व विनय वर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लालता प्रसाद शाहू ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान की भी हत्या की हुई थी कोशिश
यूनिट से कम राशन बांटने को लेकर ग्राम प्रधान विनय व कोटेदार हंसराज के बीच उपजी रंजिश बढ़ती ही गई। पहले राशन बांटने को लेकर हुए विवाद के बाद कोटेदार हंसराज, पप्पू यादव व विनय आदि के घर तालाब की जमीन पर बने होने की शिकायत ग्राम प्रधान ने की। जिसकी पैमाइश भी हुई। उसी के बाद गांव से ही एक युवती फरार हो गई। जिसके फरार कराने का आरोप विपक्षियों ने ग्राम प्रधान पर लगाया गया। हालांकि बाद व युवती गुजरात से बरामद हो गई। ग्राम प्रधान के भाई कौशल ने बताया कि विपक्षियों ने पहले भी उसके प्रधान भाई विनय की हत्या कराने की ढाई लाख की सुपारी भी दी थी। मगर, इसकी जानकारी हो गई थी।