मार्फीन समेत महिला तस्कर गिरफ्तार
फोटो-35
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। जिले में मार्फीन तस्करी के कारोबार में महिलाओं की भी सक्रियता उजागर हुई है। बदोसराय पुलिस ने एक महिला तस्कर को पकड़कर उसके पास से साढ़े पांच सौ ग्राम मार्फीन बरामद की है जबकि एक आरोपी मौके से भाग निकला है। पकड़ी गई तस्कर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजी गई है।
एसपी वीपी श्रीवास्तव ने बुधवार को पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान बताया कि बदोसराय कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मंगलवार की रात कस्बा बदोसराय से यहां की रहने वाली कल्पना गुप्ता को साढ़े पांच सौ ग्राम मारफीन के साथ पकड़ा है। पकड़ी गई तस्कर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसे सुढ़ियामऊ कस्बे का रहने वाला एक व्यक्ति मार्फीन देता है और उसे सप्लाई करने की बात कहता है। महिला का पति भी सात साल पहले मारफीन तस्करी के मामले में जेल जा चुुका है। एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह के अन्य आरोपियों का पता लगा रही है। एसपी ने पुलिस टीम की इस कामयाबी पर पांच हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया है।