रामनगर, बाराबंकी। सावन मास के आज पहले सोमवार को प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा समेत जिले के सभी शिवमंदिरों में जलाभिषेक करने वाले श्रद्वालुओं का अपार भीड़ उमड़ेगी। रामनगर के लोधेश्वर महादेवा में रविवार की मध्यरात्रि से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की तैयारियां सुनिश्चित कर ली है। रविवार को एडीएम, एसपी ने मातहतों के साथ रामनगर के आडीटोरियम में बैठकर जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सावन का पहला दिन सोमवार होने को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महोदवा मंदिर समिति द्वारा मध्य रात्रि बारह बजे मंदिर के कपाट खोल दिए जाने की तैयारी की गई है। कपाट खुलते ही जलाभिषेक करने वालों का तांता लग जाएगा। जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की कोई अनहोनी न होने पाए इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर के पास बने अभरन तालाब पर एक कंपनी प्लड पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया है। साथ श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए रैनबसेरा व अस्थाई शौचालय आदि की व्यवस्था की करा दी गई है। महादेवा मेला परिसर पुलिस प्रशासन द्वारा खोया-पाया कैंप, कंट्रोल रूप का भी संचालन शुरू करा दिया गया है। प्रशासन ने इस बार भी जलाभिषेक के दौरान अव्यवस्था को रोकने के लिए जालीदार बैरीकेडिंग की व्यवस्था कराई है। गैर जनपदों लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, गोंडा समेत भारी तादात में श्रद्धालु भोले बाबा का जलाभिषेक करने के लिए रविवार की देर शाम तक पहुंच गए है। भगौली तीर्थ से जल कर गेरुआ रंग के कपड़ों में शिवभक्तों का जत्था महोदवा में पहुंच चुका है।
जिले के अन्य शिवमंदिरों को भी रविवार की शाम बेहद सुंदर तरीक से सजाया गया है। फतेहपुर के महादेव तालाब, हैदरगढ़ के औशानेश्वर, शहर के नागेश्वर नाथ मंदिर, कैलाश आश्रम, लखपेड़ाबाग स्थित शिवमंदिर, धनोखर का शिवमंदिर, पंचमदास कुटी समेत जिले भर के शिवमंदिरों में आज सुबह से ही भीड़ उमडे़ेगी। रविवार को ही धनोखर चौराहे पर लोग इन पूजन सामग्रियों की खरीददारी करते हुए नजर आए।
लाउड हैंकर के जरिए एलर्ट करते रहेंगे अधिकारी
लोधेश्वर महादेवा में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रविवार को पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह वअपर जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से आडीटोरियम में मातहतों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर कर्मचारियों से कहा कि आप लोग टीम वर्क से कार्य करें और विनम्रता के साथ श्रद्धालुओं से पेश आए। यह आप लोगों का सौभाग्य है कि लोधेश्वर महादेवा में ड्यूटी लगी है। इसलिए सेवाभाव से इस धार्मिक कार्यक्रम को संपंन्न कराने में लगे। एसपी ने बताया कि पूरे मेला परिक्षेत्र को चार जोन में बांटा गया है।