दरियाबाद (बाराबंकी)। विद्युत उपकेन्द्र बनगांवा के 5 फीडर बुधवार को अचानक जल जाने के कारण पौने दो सौ गांवों व दो कस्बों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। गुरुवार की सुबह दरियाबाद और कोटवाधाम फीडरों को दुरुस्त कर चालू किया गया लेकिन कुछ देर बाद ही वह फिर फुंक गया। जिससे पूरे दिन बिजली गुल रही। काफी मशक्कत के बाद भी देरशाम तक किसी भी फीडर से आपूर्ति शुरू नहीं की जा सकी थी। इससे करीब तीन लाख की आबादी प्रभावित रही।
विकास खंड दरियाबाद के ग्राम बनगांवा में बने इस विद्युत उपकेन्द्र पर बने पांच फीडर बेलखरा, कोटवाधाम, दरियाबाद देहात, दरियाबाद टाउन, टिकैतनगर बुधवार को फुंक गए। जिससे आदर्श नगर पंचायत दरियाबाद व टिकैतनगर समेत करीब पौने दो सौ गांवों और लगभग 450 मजरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। खराबी को दुरुस्त करने के लिए बृहस्पतिवार को दिन भर काम चलता रहा किन्तु एक नगर पंचायत दरियाबाद और कोटवाधाम के फीडर सुचारु हो पाए थे। जिससे करीब चार दर्जन गांवों की बिजली चालू हो सकी। 36 घंटे से विद्युत सप्लाई बंद होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कोटवाधाम और टिकैतनगर फीडर शुरू तो हुए लेकिन कुछ देर बाद लाइन में फाल्ट आ जाने की वजह से आपूर्ति फिर ठप हो गई। उपकेन्द्र के सहायक अभियन्ता अमन सिंह का कहना कि फीडरों को सही करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पावर कॉर्पोरेशन रामसेनहीघाट के अधिशासी अभियंता राधेश्याम भाष्कर का कहना है कि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं एसडीओ से जानकारी लेने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।