दुष्कर्म पीड़िता व परिवार पर जानलेवा हमला, पांच घायल
मसौली (बाराबंकी)। न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुए दुष्कर्म के मामले में सुलह के लिए दबाव बना रहे विपक्षी पक्ष के लोगों ने पीड़िता व उसके परिवार पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में पीड़िता समेत पांच लोग घायल हुए है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू किया है।
मामला थाना व कस्बा मसौली के एक मोहल्ले का है। यहां के की निवासी एक विवाहिता ने मोहल्ले के ही शकील पुत्र अली अहमद पर 8 माह पूर्व दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मसौली पुलिस को तहरीर दी थी। थाने पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली और उसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज की थी लेकिन अभी उसे पकड़ा नहीं जा सका है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी व उसके परिवार वालो के हौसले बुलंद हैं और पीड़िता व उसके पति पर सुलह के दबाव बना रहे है। सोमवार को ईद की नमाज अदा कर घर वापस आ रहे पीड़िता के पति को दुष्कर्म आरोपी के पिता अली अहमद ने घर के सामने पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। जिस पर वह अपने घर भागा जिसका पीछा करते हुए अली अहमद अपने भाई रियाज, रईस, इस्तियाक, इम्तियाज, आरोपी शकील आदि ने लाठी-डंडों से लैश होकर पीड़िता के घर धावा बोल दिया और जो सामने आया उसे लहूलुहान कर दिया। जिसमें पीड़िता व उसके पति समेत परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करा आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ नरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जो भी दोषी है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।