बाराबंकी। गुरुवार की देर शाम व शुक्रवार को अलग-अलग स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की दो टीमों ने चेकिंग के दौरान दो लाख 13 हजार नौ सौ रुपये बरामद किए हैं। संबंधित द्वारा बरामद धनराशि का अभिलेख न दिखा पाने के चलते टीम के अधिकारियों ने उसे जब्त कर अपने कब्जे में लिया है।
गुुरुवार की देर शाम सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के मरकामऊ चौराह पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट रमेश कुमार बदोसरायं पुलिस के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी बदोसरायं से रामनगर की ओर जा रहे वाहन को रोका गया तो चालक मोबिन के पास एक कागज में लपेटे हुए एक लाख 12 हजार नौ सो रुपये की नगदी बरामद की। चालक द्वारा उक्त धनराशि का अभिलेख न दिखा पाने के चलते टीम ने उसे पुलिस की मौजूदगी में अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
दूसरी ओर शुक्रवार की सुबह मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा बैरियर पर एक चार पहिया वाहन से एक लाख एक हजार रुपये की बरामदगी की गई। उचित कागजात के अभाव में बरामद धनराशि को ट्रेजरी में जमा कराया गया। शुक्रवार को बिंदौरा चेकपोस्ट पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट हनुमान प्रसाद वर्मा चेकिंग कर रहे थे। तभी रामनगर की ओर से आ रही एक कार की चेकिंग की गई तो उसमें रखे एक बैग में एक लाख एक हजार की नगदी बरामद हुई।