ग्राम समाज की भूमि का कब्जा
हटवाने गई टीम पर बोला हमला
- जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लहबड़पुरवा मजरे दतौली का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीराबाद(बाराबंकी)। ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा हटवाने गयी टीम के सामने दबंगों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लहबड़पुरवा मजरे दतौली निवासी धर्म प्रकाश, वेद प्रकाश काफी दिनों से ग्राम समाज की भूमि पर काबिज है। गांव के ही निवासी फूल चंद्र कुलदीप लाल जी ने अवैध कब्जा मुक्त कराने के लिए एसडीएम राम नगर को प्राथना पत्र दिया था। अवैध कब्जा मुक्त कराने के लिए सोमवार को पहुंचे लेखपाल तरुण यादव व कानूनगो अशोक कुमार का विरोध शुरू कर दिया गया। इसके बाद उन पर अवैध कब्जा धारक धर्म प्रकाश ,वेद प्रकाश व सत्य प्रकाश ने ईंटों से हमला कर दिया। किसी तरह अपनी जान बचा कर भागे कानूनगो व लेखपाल ने जहांगीराबाद पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने अवैध कब्जा दारों को पकड़ कर थाने लाई और मुकदमा पंजीकृत किया है। एसओ मदनपाल का कहना है मामले की जांच करेंगे।