नदी में मिला किशोरी का सिर कटा शव
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। एक किशोरी का सिर कटा शव गोमती नदी में बरामद हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। किशोरी की हत्याकर शव फेंकने व दुराचार करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कह रही है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र में धौरहरा गांव के समीप गोमती नदी में एक किशोरी का शव बरामद हुआ है। आस पास के ग्रामीणों ने देखा तो इस बारे में पुलिस को सूचना दिया। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव करीब एक सप्ताह पुराना होने के चलते काफी सड़ चुका है और उसका सिर भी गायब है जिसके चलते पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि किशोरी की हत्या करने के बाद शव नदी में फेंका गया है और उसकी पहचान छिपाने के लिए सिर गायब कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक किशोरी की उम्र करीब सोलह साल के आस पास बताई जा रही है। किशोरी क्रीम कलर की समीज व सलवार पहने है। एएसपी शशीकांत तिवारी का कहना है कि किशोरी की मौत का कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग सकेगा। एएसपी ने कहा कि जांच में ऐसा लग रहा है कि किशोरी का शव कहीं बाहर से बहकर यहां आ गया है। हालांकि किशोरी की हत्या व दुष्कर्म होने की बात से एएसपी ने इन्कार करते हुए कहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।