फतेहपुर (बाराबंकी)। प्रतिबंधित मवेशियों के मांस की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना समेत दो की अर्जित की गई करीब 43 लाख रुपये से अधिक की संपति जिला व पुलिस प्रशासन ने शनिवार को जब्त कर ली है। कार्रवाई डीएम के आदेश पर दर्ज गैंगेस्टर एक्ट के तहत की गई है।
फतेहपुर में दर्ज गैंगेस्टर मुकदमे में गैंग लीडर थाना क्षेत्र के नालापार दक्षिणी निवासी रईस के मकान पर शनिवार की दोपहर तहसीलदार राहुल सिंह के नेतृत्व में फतेहपुर पुलिस के साथ पांच थानों की पुलिस फोर्स फतेहपुर कस्बे के नाला दक्षिणीपार मोहल्ले में बने रईस के मकान पर पहुंची।
यहां मुनादी कराने के बाद पुलिस ने आरोपी के दो मकान व स्कूटी को जब्त किया। इसकी सुपुर्दगी तहसील को दी गई। पुलिस टीम ने मसौली थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी उस्मान द्वारा प्रतिबंधित मवेशियों के मांस की तस्करी कर अर्जित की गई सम्पति शनिवार को जब्त की।
उसमें रईस के दो प्लाट पर बने मकान व स्कूटी तथा उस्मान की बाइक व माल वाहन को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत कुर्क किया गया। मौकेे पर कोतवाल अनिल कुमार पांडेय, मोहम्मदपुर खाला, कुर्सी, बड्डूपुर, घुंघटेर की पुलिस टीम मौजूद रही। एएसपी उत्तरी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि दो गैंगेस्टर के मामले में गोवध की तस्करी करने वाले दो आरोपियों की करीब 43 लाख रुपये से अधिक की संपति जब्त की गई है।