हरख (बाराबंकी)। सतरिख थाना क्षेत्र के होलियामऊ गांव में एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। पत्नी ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
सतरिख थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी अतुल (30) रविवार की शाम घर से एक बोरी गेहूं लेकर बेचने के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं आया तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। रात बीतने के बाद सुबह परिवारीजन उसे तलाश ही रहे थे कि खबर मिली कि अतुल का शव तीन किलोमीटर दूर होलियामऊ गांव के बाहर एक आम के बाग में पेड़ पर लटका है। यह सूचना मिलने ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
बाग में जिस पेड़ से अतुल का शव लटका था उससे करीब 50 मीटर की दूरी पर सड़क के किनारे अतुल की बाइक खड़ी मिली। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक की पत्नी राजकुमारी ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या हुई है। हत्या के बाद शव को लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया है। थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट होने के बाद जांच को दिशा मिलेगी।