कोठी (बाराबंकी)। सड़क निर्माण में कार्य कर रहे एक युवक ने छात्राओं पर फब्तियां कसीं। इससे उग्र ग्रामीणों ने उसे कमरे में बंद कर जमकर पीटा। पुलिस ने उसे गंभीर हालात में ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर सीएचसी कोठी में भर्ती कराया। मामला कोठी थाना क्षेत्र के सिद्धौर कैसरगंज सड़क मार्ग का है।
जिला मुख्यालय स्थित एक इंस्टीट्यूट से पढ़ाई करके नर्सिंग की दो छात्राएं शुक्रवार को घर लौट रही थीं। सड़क से गुजर रहीं छात्राओं को देख सड़क निर्माण में कार्य कर रहे एक युवक ने उन पर फब्तियां कसीं। मामला गर्माया तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। देखते ही देखते ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी। ग्रामीण उसे घसीट कर एक कमरे में ले गए और दरवाजा बंद करके जमकर पीटा।
किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को ग्रामीणों से छुड़ाकर गंभीर हालत में सीएचसी कोठी लेकर पहुंची। पिटाई से उसे गंभीर चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक अशोक सरोज ने बताया कि ग्रामीणों की पिटाई से घायल युवक सीतापुर जिले के संदना थाना क्षेत्र के गढ़वल का निवासी साधु है। उसका एक साथी फरार हो गया है। बेहोशी की हालत में साधु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में आरोपी युवकों पर केस दर्ज किया गया है। संवाद