फतेहपुर (बाराबंकी)। बैंक से रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रखकर घर जा रहे मां-बेटे टप्पेबाजों का शिकार हो गए। बैंक के सामने महिलाओं की भीड़ के बीच टप्पेबाजों ने तीन लाख रुपये से भरा झोला पार कर दिया। मगर, उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। घर पहुंचने पर जब महिला ने रुपये से भरा झोला बाइक से डिग्गी से निकालने गई तो वह गायब था। इसको लेकर वह परेशान हो गई। आननफानन मां-बेटे घर से वापस फतेहपुर पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने बैंक व उसके बाहर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है।
सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के पैंतेपुर निवासी जरीना खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हाल में ही उसकी बेटी का विवाह हुआ है। विवाह में हुए खर्च का बकाया चुकाने को लेकर वह शुक्रवार को अपने बेटे मो. मारूफ व मन्नान के साथ फतेहपुर कस्बे में तहसील चौराहे के पास भारतीय स्टेट बैक आई थी। जहां जरीना ने चेक से तीन लाख रुपये बैंक से निकाले। इसके बाद रुपयों से भरा झोला लाकर बाइक की डिग्गी में रखा और अपने बेटे मारूफ के साथ घर जाने लगी। इसी दौरान कई महिलाएं बाइक के आगे आ गई।
वहीं अगलबगल भी कुछ लोग आ गए। इसी दौरान टप्पेबाजों ने बाइक की डिग्गी में रखा रुपयों से भरा झोला उड़ा दिया। मगर, उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगा। घर पहुंचने पर डिग्गी से रुपयों से भरा झोला गायब होने के बाद घटना की जानकारी हुई। इसकी शिकायत उसने फतेहपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से की। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीओ योगेंद्र कुमार ने बताया कि टप्पेबाजी की सूचना मिली है। कस्बे व बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।