जंहागीराबाद (बाराबंकी)। ठग महिलाओं के गिरोह ने थाना जंहागीराबाद इलाके के बंधौली गांव में 15 घरों को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गयी। गिरोह की महिलाओं ने पहले पुराने बर्तन लेकर नए दिए। इसके बाद लाखों रुपये के जेवर, बर्तन लेकर रफृचक्कर गईं। बड़ी संख्या में ठगी की शिकार महिलाओं ने शुरू में अपने परिवार वालों को जानकारी नहीं दी। बाद में ठगी का एहसास हुआ तो परिवार को जानकारी दी। गांवों में ठगी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
ठग महिलाओं के गिरोह ने पांच दिन पहले से जाल बिछाना शुरू किया। महिला ठग ने गांव के 15 घरों से ठगी की। गांव बंधौली में पहले दिन दो महिलाएं जबकि दूसरे दिन दूसरी दो महिलाएं ठगी करने पहुंचीं। ठग महिलाएं पुरुषों से दूर रहीं। पहले दिन पहुंचीं ठग महिलाओं ने पुराने बर्तनों को बदलने का झांसा देकर टूटे-फूटे बर्तन हासिल किए। दूसरे दिन पहुंचकर टूटे-फूटे बर्तनों की जगह उनकी कीमत से अधिक कीमत के नए बर्तन दिए। बताया कि वे एक फैक्टरी में पति के साथ काम करती हैं।
फैक्टरी वालों ने प्रचार को क्षेत्र में भेजा है। खराब बर्तनों की जगह नए और अधिक कीमत के बर्तन मिलने से ठगी का शिकार हुई महिलाएं तो खूब खुश हुई। ठग महिलाओं ने इसके बाद जेवर भी बदलने का झांसा दिया। पुराने जेवर के बदले नए के साथ रुपये भी वापस करने को कहा। लालच में फंस चुकीं महिलाओं ने अपने पतियों और परिवार को बगैर बताए जेवर भी महिलाओं को दे दिए।
गांव में ठग महिलाओं ने जेवर के बदले नए और रुपये देने का वादा किया। मंगलवार शाम तक ठगी की शिकार महिलाओं ने उनका बेसब्री से इंतजार किया। दिए गए निर्धारित समय के बाद भी ठग महिलाओं के न लौटने पर ठगी का शिकार हुईं महिलाएं परेशान हो गईं। कुछ महिलाओं ने शनिवार को भी उनका इंतजार किया। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष दर्शन यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, ठग महिलाओं की तलाश की जा रही है।