हरख (बाराबंकी)। सतरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत छेदा नगर गांव में मंगलवार की सुबह एक बुजुर्ग का शव उसी के घर में पाए जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों की चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छेदानगर गांव निवासी राम कुमार (65) सुबह अपने ही बिस्तर पर मृत पाये गए। मृतक की पत्नी सोहन देवी ने गांव के ही एक युवक पर जमीन के विवाद को लेकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को उनके पति एक युवक के साथ बाराबंकी गये थे।
इसके बाद शाम को गांव के किनारे बदहवास हालत में मिले जिन्हें ग्रामीणों की मदद से घर लाया गया और सुबह उनकी मौत हो गई। पीड़िता ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक लालचंद्र सरोज का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)