देवीगंज (बाराबंकी)। असंद्रा थाना क्षेत्र के दिलावलपुर चौकी क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में पड़ा मिला। परिवारीजन उसे रामसनेहीघाट स्थित एक निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के दिलावलपुर चौकी अंतर्गत रसूलपुर गांव निवासिनी रानी देवी (27) पत्नी मनोज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पड़ा मिला। परिवारीजनों के घर में दाखिल होने पर रानी को बेसुध देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी हुई तो मौत की पुष्टि को लेकर परिवारीजन रामसनेहीघाट कस्बा स्थित एक निजी हॉस्पिटल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के घर वालों ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी दिलावलपुर को दी। इस संबंध में चौकी प्रभारी वेद प्रकाश ने बताया कि घटना संदिग्ध है। परिवारीजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)