दरियाबाद (बाराबंकी)। बेटी के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत करना पिता को भारी पड़ गया। पीड़ित पिता का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उसके थाने जाने पर वहां मौजूद पुलिस ने उसे पूरी रात कोतवाली में बैठाए रखा। पीड़ित ने एसपी से शिकायत करने की बात कही है।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण ने बताया कि गांव का ही एक युवक अक्सर उसकी नाबालिग बेटी को परेशान करता था। शुक्रवार की शाम को युवक ने अपना मोबाइल नंबर एक पर्ची पर लिख कर एक लड़के के हाथ से लड़की के पास भिजवाया, लेकिन लड़के ने मोबाइल नंबर की पर्ची लड़की की दादी को दे दिया।
जिसकी जानकारी होने पर लड़की के पिता ने पूरी घटना से आरोपी लड़के के पिता को अवगत कराते हुए शिकायत की थी। आरोप है कि लड़के की शिकायत करने पर आरोपी युवक व अन्य परिजन मारपीट पर आमादा हो गए। जिसके बाद लड़की के पिता ने पुलिस को सूचना दी।
आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत करने वाले पिता का ही मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और पिता को ही साथ में ले जाकर थाने में बैठा दिया। एसएचओ सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल नंबर लिखकर पर्ची भेजने को लेकर विवाद हुआ था। पीआरवी मौके पर गई थी। रात भर कोतवाली में बैठाने का आरोप गलत है।