बाराबंकी। एक युवक ने बृहस्पतिवार को एसपी के पास पहुंचकर सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की घूस लेने की शिकायत की। इस पर एसपी ने पीड़ित युवक से कहा कि घूस लेना व देना दोनों अपराध है। इसके बाद युवक को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। ऐसे में पीड़ित युवक को एसपी से शिकायत करना महंगा पड़ गया और वह कोतवाली के लॉकअप में जा पहुंचा। वहीं घूस लेने वाले आरोपी के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार को एसपी यमुना प्रसाद के कार्यालय में पहुंचे लालजी निवासी ग्राम बिछलखा थाना रामनगर ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि वर्ष 2018 में राजन वर्मा नाम के एक व्यक्ति ने सचिवालय में नौकरी दिलाने का लालच देकर डेढ़ लाख रुपये लिए थे। इसके बाद न नौकरी मिली और न उसने पैसा वापस किया। ऐसे में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पर एसपी ने कहा कि नौकरी के लिए रिश्वत क्यों दी। रिश्वत लेना व देना दोनों अपराध है। एसपी ने जहां इस मामले में कार्रवाई के लिए जांच का आदेश किया वहीं पीड़ित युवक को भी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इस पर युवक ने एसपी कार्यालय परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया तो पुलिस कर्मियों ने उसे समझा-बुझाकर शांत कराया। एसपी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति किसी को किसी काम के लिए रिश्वत न दे। रिश्वत देना अपराध की श्रेणी में आता है। कप्तान ने कहा कि इसी के चलते कार्यालय आए एक युवक के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं इस मामले में जिस पर आरोप है उसके खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।