बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित जिला टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को फाइनल मैच खेला गया। लकी क्रिकेट क्लब और शान स्ट्राइकर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जिसमें शान स्ट्राइकर ने मैच जीत लिया।
टूर्नामेंट में शान स्ट्राइकर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दस ओवर में 146 रन बनाए। शान स्ट्राइकर के खिलाड़ी शुरुआत से ही आक्रामक दिखे। लक्ष्य का पीछा करते हुए लकी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने शुरुआत में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन जल्दी-जल्दी विकेट खोने से संघर्ष करते दिखाई दिए और 9 ओवर पांच गेंद में 103 रन पर टीम आल आउट हो गई।
इस टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार रागिब अब्दाली को दिया गया और फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शाद खान को दिया गया। विजयी टीम को कमेटी की तरफ से 51 हजार रुपये का पुरस्कार और उप विजेता टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार डॉ. मतीन अहमद द्वारा दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए और भी ज्यादा से ज्यादा अच्छे कार्य किए जाएंगे। क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन मोहसिन मतीन और यूथ आइकन असद साजिद, धनंजय शर्मा लल्लू अशीर किदवाई, मुस्ते हसन जुबेर जिम्मी ने किया था। इस मौके पर पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, डॉ. कुलदीप सिंह, यशवंत सिंह यादव, हशमत अली, अजय वर्मा अंकुर आदि मौजूद रहे।