आबादी के बीच अजगर निकलने से गांव में हड़कंप मच गया। आननफानन ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारी को दी। घंटो बाद पहुंचे वनकर्मीयों की लापरवाही से अजगर गांव के ही जंगल में चला गया। अजगर के न पकड़े जाने से गांव में दहशत बनी हुई है।
गुरूवार की सुबह थाना दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम उदवतनगर निवासी दिनेश सिंह अपने घर के बगल झाड़ से लकड़ियां तोड़ रहे थे। तभी अचानक उनकी नजर बगल में बैठे अजगर पर पड़ी। विशालकाय अजगर देख वह मौके से भाग निकले। और सूचना ग्रामीणों को दी। धीरे धीरे सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। और अजगर निकलने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई।
सूचना के दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने जब खोज शुरू की तो अजगर पास के ही जंगल में घुस चुका था। घंटो खोज के बाद भी उसका पता नहीं चला वनकर्मी खाली हाथ लौट आए। अजगर के न पकड़े जाने से गांव में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण अपने व अपने परिवारीजनों को असुरक्षित महसूस कर रहे है।