बाराबंकी। शहर के निकट बाराबंकी-बहराइच रोड पर स्थित नवीन मंडी परिसर में मंगलवार को होने वाली लोकसभा चुनावों की मतगणना के दौरान सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम रहेंगे। पूरे मतगणना परिसर की सुरक्षा तीन चरण के घेरे में होगी। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस व अर्ध सैन्य बलों के जवान तैनात रहेंगे। साथ ही पूरे परिसर पर ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी।
सुरक्षा के नजरिए से मुख्य मतगणना स्थल को आइसोलेशन जोन घोषित किया गया है। इसकी सुरक्षा का पूरा जिम्मा सीधे पैरामिलिट्री फोर्स के जिम्मे होगा। जबकि परिसर में अन्य स्थानों की सुरक्षा के लिए पीएसी व पुलिस बल तैनात रहेगा। सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना से पहले ही भोर पांच बजे से ही पुलिस व अर्धसैनिक बल अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सुरक्षा की कमान संभाल लेंगे। इस दौरान शहर के पल्हरी चौराहे के बाद अयोध्या व बहराइच हाईवे की ओर से आम लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सिर्फ पास धारकों को ही इस रूट पर आवागमन की अनुमति होगी।
मतगणना के दौरान पल्हरी से बहराइच रोड पर शहाबपुर लिंक मार्ग तक हाईवे आरक्षित रहेगा। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से शुरू होकर मतणना समाप्त होने तक चलेगा। इस दौरान नारेबाजी, हूटिंग, विजय जुलूस व धरना प्रदर्शन इत्यादि पर पूरी सख्ती से प्रतिबंध रहेगा।
पांच जगहों पर रहेंगे पुलिस के बैरियर
मतगणना के दौरान पांच जगहों पर पुलिस के बैरियर लोगों को चेक करेंगे। यह बैरियर रामनगर तिराहा के आगे फतेह राइस मील के आगे, सीपी लॉन के सामने, परमेश्वर कोल्ड स्टोर के सामने, नवीन मंडी गेट के सामने बने कट के पास व रामनगर की तरफ से आने वाले ओवर ब्रिज कट पर बनाए जाएंगे।
हाईवे पर डायवर्जन, सोच-समझ कर निकले
- शहर में लखनऊ-अयोध्या रोड पर पल्हरी चौराहा के आगे नहीं जा सकेंगे।
- लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर चौपुला चौराहा से शहर के अंदर नहीं आ सकेंगे।
- रामनगर व बहराईच के वाहनों को जयपुरिया कॉलेज से शहाबपुर लिंक मार्ग से जाएंगे।
- बहराइच के वाहन रामनगर-सुढियामऊ-फतेहपुर-देवा-माती होते हुए जायेगें।
- सफदरगंज से रामनगर व बहराइच जाने वाले वाहन मरकामऊ से चौकाघाट होकर जाएंगे।
मतगणना को लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मतगणना स्थल के अंदर पानी की बोतल, मोबाइल फोल, कैलकुलेटर आदि ले जाने पर पर सख्ती से प्रतिबंध लागू रहेगा। मतगणना स्थल पर प्रवेश से पहले हर एक पासधारक की भी तलाश ली जाएगी। केवल कागज व पेन ही अंदर मतगणना कक्ष तक ले जाने की अनुमति होगी।