बाराबंकी। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीकाकरण में और तेजी लाने का आदेश दिया है। सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएचसी, पीएचसी के साथ ही 113 हेल्थ वेलनेस सेंटरों को भी टीकाकरण केंद्र बनाया जाए और 1 अप्रैल से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान में इन केंद्रों को भी शामिल किया जाए।
पिछले साल जहां मार्च में एक भी कोरोना का केस नहीं मिला था। वहीं इस वर्ष मार्च में अब तक कोरोना के 62 मरीज मिल चुके हैं। कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या से विभाग खासा परेशान हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर रोक लगाने के उद्देश्य से ही मुख्यमंत्री योगी ने बृहस्पतिवार को देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसकी समीक्षा की। सीएम ने कहा कि कोरोना टीकाकरण की गति को और बढ़ाया जाए। पहली अप्रैल से शुरु होने वाले टीकाकरण अभियान में जहां 45 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों को शामिल किया जाए वहीं सीएचसी, पीएचसी के साथ ही 113 हेल्थ वेलनेस सेंटरों को भी टीकाकरण केंद्र बनाया जाए।
जिससे ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों को कोरोना के टीके लगाए जा सके। क्योंकि कोरोना से बचाव का सबसे सुरक्षित तरीका टीकाकरण ही है इसलिए हम जितने ज्यादा लोगों को टीका लगाएंगे उतने ही ज्यादा लोगों को कोरोना से बचाने में सफल होंगे। इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाए जाने का प्रयास किया जाना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए आज से ही इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी जाए। सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि शासन से मिले आदेशों के बाद इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।