पुलिस द्वारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष को किया गया हाउस अरेस्ट ।
बाराबंकी। मनरेगा के नाम में बदलाव और योजना में अन्य संशोधनों के विरोध में कांग्रेस ने लखनऊ में विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। मंगलवार को लखनऊ की ओर जा रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक लिया गया। इस बीच, सोमवार की रात को पुलिस ने कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं को उनके आवासों पर हाउस अरेस्ट कर लिया था, ताकि पार्टी के विधानसभा घेराव कार्यक्रम को रोका जा सके।
पुलिस की कार्रवाई के तहत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन को उनके कंपनी बाग स्थित आवास पर, कांग्रेस नगर अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा और वरिष्ठ नेता सरयू शर्मा को उनके घरों पर सोमवार रात को ही नजरबंद कर दिया गया। इतना ही नहीं, सांसद तनुज पुनिया को भी लखनऊ स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया। यह कदम कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजधानी पहुंचने से रोकने और किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने बताया कि पार्टी की प्रमुख मांगों में से एक मनरेगा योजना का नाम बदलना है। वे इस बदलाव का कड़ा विरोध कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, कांग्रेस दैनिक मजदूरी को बढ़ाकर 400 रुपये किए जाने की मांग भी कर रही है। पार्टी का कहना है कि वर्तमान मजदूरी दरें महंगाई के मुकाबले अपर्याप्त हैं।
मंगलवार को करीब 35-40 कार्यकर्ता लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे थे कि कंपनीबाग में उन्हें रोक दिया गया। जिलाध्यक्ष मोहसिन का कहना है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही गरीब, मजदूरों की आवाज उठाती रही है। हमें असंवैधानिक तरीके से रोका गया है। यह लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा कदम है। पार्टी अपनी मांगों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।