आचार संहिता उल्लंघन प्रत्याशियों के लिए अब आम होता जा रहा है। सतरिख कस्बे में रविवार की देर रात सपा व भाजपा समेत पांच प्रत्याशी चुनाव प्रचार कर रहे थे। यह सभी प्रत्याशी वाहनों के काफिले पर बैनर पोस्टर व लाउडस्पीकर लगाकर आचार संहिता का उल्लंघन करते पाए गए थे।
पुलिस ने पांच वाहनों को सीज करते हुए प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। इससे पूर्व फतेहपुर में आठ सभासद प्रत्याशियों पर केस दर्ज हो चुका है, तो नगर पालिका के भाजपा से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी के पति को नोटिस देने तक ही कार्रवाई हुई है।
हरख प्रतिनिधि के अनुसार सतरिख नगर पंचायत में निकाय चुनाव के दौरान रविवार की देर रात लोगों ने आचार संहिता उल्लंघन कर प्रचार प्रसार किए जाने की शिकायत की थी। सूचना पर कस्बे में पहुंचे एसडीएम सदर एसपी सिंह व सीओ राजेश यादव ने पांच वाहनों को मय प्रत्याशियों समेत प्रचार प्रचार करते पाया था।
सभी प्रत्याशी चेयरमैन पद के प्रत्याशी हैं। जिनमें भाजपा प्रत्याशी अनूप गुप्ता, सपा की मुमताज बेगम व निर्दलीय प्रत्याशी चौधरी फरजान उस्मानी, रिजवान तैयब, अब्दुल आदिल के विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पोस्टर, बैनर, स्टीकर व लाउडस्पीकर बंधे पांचों वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि एसडीएम व सीओ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।