कोठी थाने में महिला की मौत मामले की जांच करने शनिवार को सीबीसीआईडी की टीम पहुंची। एसपी सीबीसीआईडी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कोठी थाने पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया व उसके बाद मृतका के घर पहुंची सीबीसीआईडी टीम को परिवारीजनों ने बयान ही नहीं दर्ज कराए।
बीती छह जुलाई को कोठी थाने में एसओ व एसआई द्वारा जलाकर मारी गई महिला के मामले की जांच शासन ने सीबीसीआईडी के सुपुर्द कर दिया है। सीबीसीआईडी के एसपी सुखबीर सिंह के साथ शनिवार को पहुंची सात सदस्यीय टीम सबसे पहले कोठी थाने पहुंची। यहां पर घटना स्थल का जायजा लेने के साथ ही थाने के बाहर दुकानदारों के बयान दर्ज किए। इसके बाद सीबीसीआईडी की टीम मृतका के गांव पहुंची पर टीम के पहुंचने पर वहां मृतका के परिवार का कोई भी सदस्य नहीं मिला।
सीबीसीआईडी टीम में शामिल पुलिस कर्मी सुभाषचंद्र, प्रभाकर अवस्थी, एसके सिंह, राजेंद्र सिंह आदि ने म़ृतका के गांव में ग्रामीणों से बात की फिर वापस लखनऊ लौट गए। वहीं पीड़ित परिवार के सदस्यों का कहना है कि उनको सीबीसीआईडी जांच पर भरोसा नहीं है। परिवार ने सीबीसीआईडी को बयान न देने की बात कही है। बताते चलें कि इस मामले में सभी दस्तावेज व कागजात यहां की पुलिस ने सीबीसीआईडी को भेज दिया है। अब इस मामले में सीबीसीआईडी की जांच के बाद ही आरोपियों पर शिकंजा कसेगा।
सीबीसीआईडी को सौंपे कोठी कांड के दस्तावेज
बाराबंकी। कोठी थाने में एक महिला की मौत के मामले में बैठाई गई सीबीसीआईडी जांच में यहां की पुलिस ने मामले से संबंधित सभी दस्तावेज सीबीसीआईडी को भेज दिया है। छह जुलाई को कोठी थाने में अपने पति को छुड़ाने गई एक महिला को जिंदा जला दिया गया था। मृतका ने मृत्यु पूर्व मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में बताया था कि थानाध्यक्ष रायसाहब यादव व एसआई अखिलेश राय ने उसके साथ रेप का प्रयास व लूटपाट करने के बाद उसे जलाया है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी एसओ व एसआई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। थाने में एक महिला के साथ हुई इस वारदात के बाद विभिन्न संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया था।
इसके बावजूद नामजद आरोपियों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। आरोपियों को बचाने के लिए ही एसपी की ओर से इस मामले की जांच सीबीसीआईडी में देने के लिए शासन को पत्र भेजा गया था। जिसके बाद शासन ने 22 जुलाई को कोठी कांड की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी थी। अब इस घटना से संबंधित सभी दस्तोवज भी पुलिस ने सीबीसीआईडी को भेज दिए गए हैं।