विभागीय उदासीनता के चलते बुधवार की देर रात चचेरुआ माइनर ग्राम चचेरुआ के पास कट गई। जिससे नजदीक स्थित प्राथमिक विद्यालय में पानी भर गया। आस पास की 8 बीघा मेंथा फसल जलमग्न हो गई।
स्कूल की कक्षाओं में व आसपास भी लबालब पानी भर गया है। जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित है। ग्रामीणों ने माइनर कटने की जानकारी सिंचाई विभाग को दी लेकिन विभागीय कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।
विकास खंड बंकी के चचेरुआ गांव के पास माइनर की पटरी के ऊपर से तीन दिन से पानी बह रहा था। बहाव के कारण कटान भी हो रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
लगातार पानी बहने व कटान के कारण बुधवार रात माइनर की पटरी कट गई और माइनर का पानी नजदीक स्थित प्राथमिक विद्यालय में भर गया। स्कूल परिसर और चारों ओर पानी ही पानी दिख रहा है। गुुरुवार को पानी से होते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे लेकिन कक्षाओं में भी पानी भरा होने से शिक्षण कार्य नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने माइनर की कटान को पाटने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। ग्रामीणों ने गुरुवार को फिर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दी लेकिन दोपहर बाद तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
माइनर कटने से आसपास की करीब आठ बीघा मेंथा की फसल भी पानी में डूब गई है। किसानों का कहना है कि अगर पानी कम नहीं हुआ तो मेंथा की फसल नष्ट हो जाएगी। बताया कि इस साल विभाग द्वारा माइनर की सफाई भी नहीं कराई गई है। जिससे माइनर ओवर फ्लो हो गई है। ग्राम प्रधान लोकनाथ सिंह ने डीएम से शिकायत कर माइनर पटरी बंधवाने की मांग की है।
माइनर कटने की जानकारी मिली है। जहां पर माइनर कटी है इसी स्थान पर मवेशी के चढ़ने उतरने का स्थान है। इसी के चलते पटरी कमजोर हो गई और कट गई है। सिंचाई कर्मचारी मौके पर पटाई का कार्य कर रहे हैं। जल्द ही माइनर की पटरी दुरुस्त करा दी जाएगी। इसके अलावा नहर पटरी का अनुरक्षण कार्य किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पटरी कमजोर होगी, दुरुस्त की जाएगी। -आरएन सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई