बहराइच मार्ग पर बुधवार की देर रात दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मसौली थाना क्षेत्र के कस्बा मसौली के कटरा मोहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद (35) पुत्र बलदेव प्रसाद लखनऊ के चिनहट स्थित टाटा मोटर्स में चालक के पद नौकरी करता था। बुधवार की रात राजेंद्र ड्यूटी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी बहराच हाईवे पर करसंडा मजार के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि इस हादसे में राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर राजेंद्र के परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार रहे थाना जहांगीराबाद के ग्राम सेमरा निवासी जय रावत (20) पुत्र राम मिलन व प्रमोद (35) पुत्र विश्राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची 100 नंबर और मसौली पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसओ नरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि दोनों बाइक सवार हेलमेट पहने थे। कहा मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।