बाराबंकी। सीबीएसई की नई व्यवस्था के तहत 10वीं की पहले चरण की परीक्षाएं सोमवार से अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुईं। पेपर डाउनलोड करने में हुई दिक्कत को लेकर जहां एक परीक्षा केंद्र पर डेढ़ घंटे विलंब से परीक्षा शुरू व समाप्त हुई। वहीं नोडल अधिकारी परीक्षार्थियों की संख्या की जानकारी नहीं दे सके।
जिले में सीबीएसई के 20 कॉलेजों के विद्यार्थियों की परीक्षा को लेकर केंद्रीय विद्यालय, बाबा गुरुकुल एकेडमी, सेंट एंथोनी, सैनिक पब्लिक स्कूल व भिलवल स्थित सूर्या पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सोमवार को सुबह 11 बजे से एक बजे तक 10वीं के सामाजिक विषय की परीक्षा शुरू हुई।
परीक्षा केंद्रों की दूरी अधिक होने के कारण सुबह ही अभिभावक विद्यार्थियों को लेकर परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे। परीक्षा की नई व्यवस्था के तहत कॉलेजों को दी गई आईडी व पासवर्ड से प्रश्नपत्र को डाउनलोड कर उसकी फोटोकॉपी कर परीक्षार्थियों को दी जानी थी। इसको लेकर कई परीक्षा केंद्रों पर जहां 10 मिनट विलंब से परीक्षाएं शुरू हुई।
वहीं शहर के एक परीक्षा केंद्र पर डेढ़ घंटे लेट से परीक्षा शुरू हुई। ऐसे में जब अभिभावक बच्चों को लेने पहुंचे तो कॉलेज के बाहर ढाई बजे परीक्षा छूटने का नोटिस चस्पा कर दिया गया। ऐसे में सुबह 11 बजे परीक्षा केंद्र में प्रवेश पाने परीक्षार्थी दोपहर ढाई बजे बाहर निकले।
जिले के 20 सीबीएसई स्कूल के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा के लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें मुख्य विषयों की परीक्षा 30 नवंबर से शुरू होकर 24 दिसंबर तक चलेगी। हालांकि कितने परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इसकी जानकारी अभी नहीं है।
-आरपी सिंह, नोडल अधिकारी सीबीएसई