बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के दौरान छात्राओं का पीछा करने और छात्रा की तस्वीर अपने साथ इंस्टाग्राम और फेसबुक पर शेयर कर बदनाम करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर परिजनाें को धमकी दी गई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी कि थाना क्षेत्र के मल्लाहन पुरवा गांव के मैनेजर, दीपक, श्यामू, मुंशी व महादेव ने उनकी बहन समेत तीन छात्राओं की फोटो दूर से खींच ली और अपनी फोटो के साथ इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वायरल कर रहे हैं। परिजनों ने इसका स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दिखाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल जाते समय छात्राओं का पीछा किया जाता है। विरोध करने पर धमकी दी जाती है।
एसएचओ मोहम्मदपुर खाला अनिल सिंह ने बताया कि साक्ष्य के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शोहदों की दबंगई का प्रमाण हैं कई घटनाएं
स्कूल-कॉलेज जाने के दौरान शोहदों की दबंगई की यह पहली घटना नहीं है। आए दिन ऐसी घटनाएं पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति के लिए चुनौती बनी हैं। 18 अगस्त को जैदपुर थाना क्षेत्र में कक्षा आठ की छात्रा को रास्ते में युवक ने छेड़ना शुरू कर दिया। विरोध करने पर बेल्ट से पीट दिया। बीते दो मार्च को शहर कोतवाली के एक गांव की बी फार्मा की छात्रा से रास्ते में छेड़छाड़ हुई। पिता ने सतरिख थाने में शिकायत की तो पुलिस ने शोहदे को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। लेकिन इसी शोहदे ने पांच सितंबर को शुक्लई गांव के पास छात्रा को फिर रोककर छेड़छाड़ की तो केस दर्ज हुआ।