बाराबंकी। धान खरीद को लेकर जिलाधिकारी ने पहले दिन से ही अपना रुख साफ कर दिया था। डीएम की सख्ती का नतीजा है कि धान खरीद जिले में काफी तेज गति से हो रही है। एक दिन में जहां 15,000 क्विंटल धान की खरीद की जा रही है। वहीं अब तक करीब 4,682 किसानों से 2,14,389 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। जोकि पिछले साल के मुकाबले 40,000 क्विंटल अधिक है।
धान खरीद शुरू होने से पहले ही जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने धान खरीद से जुड़ी सभी एजेंसियों के प्रभारियों, केंद्र प्रभारियों और एसडीएम के साथ बैठक कर अपनी मंशा साफ कर दी थी। डीएम ने कहा था कि सीधे किसानों से धान की तौल हो और तौल में छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाए। डीएम और एडीएम लगातार धान खरीद की मॉनीटरिंग ही नहीं कर रहे हैं बल्कि प्रत्येक रविवार को बैठक कर प्रगति की समीक्षा भी कर रहे हैं।
इस बाबत जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार का कहना है कि वह लगातार क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही केंद्र प्रभारियों को खरीद में तेजी लाने और छोटे किसानों का धान प्राथमिकता पर तौलने के निर्देश दे रहे हैं। खरीद में अभी और तेजी आएगी इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
कंट्रोल रुम से हो रही मॉनीटरिंग
डीएम के निर्देश पर धान खरीद पर नजर रखने के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इसका प्रभारी अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह को बनाया गया। एडीएम ने बताया कि यहां पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए प्रशिक्षु एसडीएम तैनात किए गए हैं।