हैदरगढ़ (बाराबंकी)। चीनी मिल हैदरगढ़ में बृहस्पतिवार को पेराई सत्र का शुभारंभ विधिपूर्वक पूजा अर्चना कर किया गया। मिल के मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव व एडीएम राकेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व किसान मौजूद रहे। एक दिन पहले से शुरू रामायण पाठ का समापन कर प्रसाद वितरण किया गया।
हैदरगढ़ चीनी मिल के मौजूदा पेराई सत्र के शुभारंभ पर अयोध्या के पंडित अखिलेश वेदांती पुरोहित ने विधि पूर्वक पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान यजमान की भूमिका में मिल के सीजीएम बीके यादव ने एडीएम राकेश कुमार सिंह, एसडीएम शालिनी प्रभाकर, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. रत्नेश त्रिपाठी, अध्यक्ष गन्ना विकास समिति प्रेमा अवस्थी, अनु सचिव सिंचाई विभाग दिलीप शुक्ला के साथ वेदी पर बैठे। शुभ मुहूर्त पर दिन के 12:41 बजे डोंगा में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। 23 व 24 नवंबर को डोंगा के पास पूजा-अर्चना कर रामचरित मानस का अखंड पाठ किया गया।
मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव ने कहा कि प्रतिष्ठान ने अत्याधुनिक टिशू कल्चर लैब की स्थापना की है। इसमें कीट, विषाणु रोगाणु और बीमारी रहित उन्नत गन्ना बीज संवर्धन एवं विकास सहित विभिन्न गन्ना विकास प्रोत्साहन योजना लागू की है। जिससे किसान गन्ना बोआई के प्रति जागरूक हो रहे हैं। मौजूदा पेराई सत्र में 47 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित, डॉ प्रताप सिंह, सहायक महाप्रबंधक गन्ना धर्मेश मेहरोत्रा, पुनीत मिश्रा, अजय दोकनिया, अजय श्रीवास्तव, अंशू, शैलेंद्र, प्रवीण, अनिल मौजूद रहे।
कल से नियमित हो सकेगी पेराई
गन्ने की आवक लगातार बनी रहने के बाद भी दो दिन बाद ही नियमित गन्ना पेराई शुरू हो सकेगी। गुरुवार शाम तक मिल में करीब बारह हजार क्विंटल गन्ना पहुंचा है। मालूम हो कि मिल चलाने के लिए एक दिन में कम से कम 30 हजार क्विंटल गन्ने की जरूरत होती है। गैर जिलों से गन्ना की आवक में तेजी व मिल गेट कांटा पर तौल शुरू कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मिल के अधिकारियों के मुताबिक शनिवार से नियमित पेराई शुरू होने की संभावना है।