बाराबंकी। खबर- शहर में यातायात नियमों की उड़ रहीं धज्जियां... अमर उजाला में प्रकाशित के बाद शनिवार को यातायात पुलिस एक्शन मोड में आ गई। सुबह से ही चेकिंग अभियान चल पड़ा। महीनों से ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे वाहन चालकों पर ऐसा शिकंजा कसा कि गलियों से होते हुए भी बच नहीं पाए। चेकिंग के दौरान टीम ने 126 वाहनों का मौके पर ही चालान कर दिया।
शहर में शनिवार सुबह से ही टीएसआई रामयतन यादव के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। पटेल तिराहा, नाका चौराहा, रामनगर तिराहा, पल्हरी, देवा रोड और धनोखर चौराहे पर सघन चेकिंग शुरू हो गई। हेलमेट विहीन और ट्रिपलिंग कर फर्राटा भर रहे बाइकर्स को रोक-रोक कर चालान काटे गए।
जैसे ही पुलिस को देख कुछ युवक गली-कूचों से निकल भागने लगे, पुलिस ने गलियों तक नाकेबंदी कर दी। इससे उनका निकलना नामुमकिन हो गया। कुछ लोग दवा लेने का बहाना बनाने लगे तो कुछ ने दुकान पास में होने की दुहाई दी। कई चालकों ने माफी भी मांगी। मगर पुलिस ने किसी को नहीं छोड़ा। टीएसआई ने कहा कि ट्रिपलिंग और बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलेगा जो नियम तोड़ेगा, उस पर कार्रवाई तय है।