बाराबंकी। नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान के तहत बिना हेलमेट के पेट्रोल देने पर प्रशासन ने पाबंदी लगा रखी है। इसके लिए हर पेट्रोल पंप पर नोटिस भी चस्पा है। इसके बावजूद पेट्रोल पंप संचालको की उदासीनता से पंपों पर दो पहिया वाहनों के चालकों को बिना हेलमेट के आसानी से पेट्रोल का वितरण किया जा रहा है।
पंप संचालक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बिना हेलमेट के पेट्रोल दे रहे हैं। एआरटीओ द्वारा टीम के साथ पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर हेलमेट पहनकर आने वालों को ही पेट्रोल देने का निर्देश दिया था। इस दौरान बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने पहुंचे वान चालकों का चालान भी किया गया था। इसके बावजूद इसका कोई भी असर पंप संचालकों पर नहीं दिख रहा है। जिले में करीब 210 पेट्रेाल पंप हैं, जिन पर रोजाना एक लाख से अधिक लोग पेट्रोल भराने पहुंचते हैं। नो हेलमेट, नो फ्यूल स्कीम के तहत बिना हेलमेट के पंपों पर पेट्रोल देने पर पाबंदी लगाई गई है। पंप संचालकों नियम को धता बताते हुए बेखौफ होकर बिना हेलमेट पहने चालकों के वाहनों को पेट्रोल दे रहे हैं।
नोटिस चस्पा मगर बिना हेलमेट दिया पेट्रोल
फोटो - 19
देवा रोड स्थित बस स्टेशन के समीप एक पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल भराते बाइक सवार नजर आए। नोटिस चस्पा था लेकिन बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा था। यहां कोई पाबंदी नहीं दिखी।
यहां कोई टोकने वाला भी नहीं दिखा
फोटो - 20
लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर महिला अस्पताल के समीप पेट्रोल पंप पर भी नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान का कोई असर नहीं दिखा। धड़ल्ले से बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा था। कोई रोकने टोकने वाला भी नहीं दिखा।
मांगा जाएगा जवाब
बिना हेलमेट के पंपों पर पेट्रोल देने पर रोक है। नियम का उल्लंघन करने वाले पंप संचालकों से जवाब तलब किया जाएगा।
-डॉ. राकेश तिवारी, डीएसओ