रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रारी नदी के पशुआ घाट पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। शासन ने इसके लिए धनराशि जारी कर दी है।
उम्मीद जताई जा रही है जल्द ही पुल के निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस पुल के बन जाने के बाद क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। करीब 30 किलोमीटर की दूरी कम होगी।
रारी नदी पर खरिका पुल गांव के निकट पशुआ घाट पर काफी समय से पुल बनाने की मांग की जा रही थी। स्थानीय विधायक सतीश शर्मा ने शासन से यहां पर पुल बनवाए जाने की मांग की थी।
विधायक की मांग पर 2 करोड़ 95 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए धनराशि जारी कर दी गई। पशुआ घाट पर पुल बन जाने से दरियाबाद, हैदरगढ़ व जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांव आपस में जुड़ जाएंगे।
क्षेत्र के निवासी सुरेंद्र विक्रम सिंह बताते हैं कि इस पुल के बन जाने से रामसनेहीघाट तथा हैदरगढ़ तहसील भी आपस में जुड़ जाएगी। इस पुल के बन जाने से खरिका फूल गांव के साथ ही टड़वा, टिकरिया, पैगंबरपुर, नारायणपुर हकामी, अरूई सहित करीब 50 गांवों को फायदा मिलेगा।
पुल बनने से 50 हजार से अधिक लोगों का आवागमन सुलभ हो सकेगा, जिससे जहां अभी तक लोग करीब 25 से 30 किलोमीटर का चक्कर लगाकर हैदरगढ़ व रामसनेहीघाट जाते थे उनका समय और धन दोनों बचेगा। नदी के किनारे बसे हजारों किसान भी आसानी से नदी पार करके अपने खेतों को जा सकेंगे।