गणेशपुर (बाराबंकी)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के विशेषज्ञों की मौजूदगी में गुरुवार को मोटर ब्रिज इंस्पेक्शन व्हीकल यूनिट द्वारा संजय सेतु (सरयू नदी पुल) की सघन जांच की गई। इस दौरान संजय सेतु के स्लैप के नीचे लगी बेयरिंग व स्लैप के ज्वाइंट देखे गए। निरीक्षण के दौरान एक बेयरिंग में मामूली गड़बड़ी मिली है। हालांकि पुल का निचला हिस्सा बेहतर हालत में मिला।
बीते 20 फरवरी को पुल के साथ ज्वाइंटरों में दरार का पता चलने के बाद मरम्मत का काम 21 से 24 फरवरी तक एनएचएआई के अफसरों की निगरानी में पीएनसी कंपनी द्वारा किया गया था। संजय सेतु पर तीसरी बार आई इस भारी गड़बड़ी के बाद हरकत में आए एनएचएआई के अधिकारियों ने अब पूरे सेतु की मजबूती की जांच नए सिरे से शुरू की है।
इसमें पहले दिन के जांच में पुल के नीचे एक पिलर में लगी बेयरिंग में मामूली गड़बड़ी दिखी। जिसमें नीचे लगी बेयरिंग में कुछ के लॉक टूटे मिले और कुछ बेयरिंग जिस लोकेशन पर होने चाहिए थे उसमें मामूली अंतर मिला। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा बताई गई।
इस संबंध में एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर प्रमोद यादव ने बताया कि बाराबंकी से जरवलरोड तक सभी पुलों की मशीन द्वारा चेकिंग कर रिपोर्ट एनएचएआई मुख्यालय को भेजा जाएगा। इस पुल की बेयरिंग दुरुस्त की जाएगी या बदली जाएगी। इस मौके पर पीएनसी कंपनी के भी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।