सफेदाबाद (बाराबंकी)। नए साल का जश्न मनाने आये कुछ युवकों और होटलकर्मियों के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई। इस मारपीट में कई युवक चोटिल हो गए। दोनों पक्षों की तरफ से मामले में कार्रवाई की तहरीर दी गई। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना के दौरान कार में भी तोड़फोड़ की गई है।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र में सफेदाबाद ओवर ब्रिज के पास कालिका हवेली होटल है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार/ बुधवार रात करीब दो बजे इंदिरानगर व विकासनगर लखनऊ के रहने वाले उदितांशु, दीपक सिंह, राहुल मौर्या, शिवाशीष, शाश्वत पांडेय, करण अवस्थी, नितिन पांडेय, हर्ष लखवानी, अभिनव मिश्रा, आर्यन कुशवाहा तथा सजल चोपड़ा होटल पर खाना खाने आये।
जब उन्होंने होटल प्रबंधक से खाना लगवाने के लिए कहा तो प्रबंधक ने होटल बन्द हो जाने का हवाला देकर मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर लाठी डंडे चलाये।
इस घटना में दोनों पक्ष से करीब पंद्रह लोग घायल हुए व एक कार में भी तोड़फोड़ की गई। जब पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आयी। मोहम्मदपुर पुलिस चौकी प्रभारी मुन्ना सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई है।
उदितांशु के पिता रमेश चंद्र की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर होटल प्रबंधक और कर्मियों के विरुद्ध व होटल प्रबंधन की तहरीर पर युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।