बाराबंकी। लखनऊ निवासी एक दंपती से बाइक सवार बदमाश पंद्रह हजार की नकदी व दो मोबाइल फोन लूट ले गए। पति-पत्नी शहर में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। मामले की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ जिले के मोहल्ला इंसाफनगर मुंशीपुलिया निवासी एजाज अपनी पत्नी लाली किदवई के साथ बुधवार दोपहर बाराबंकी शहर में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। सफेदाबाद ओवरब्रिज के नीचे पहुंचते ही वहां एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और दंपती का बैग लूट कर भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि बैग में पंद्रह हजार की नकदी व दो मोबाइल फोन रखे थे।
पीड़ित दंपती ने बताया कि दोनों बदमाश हेलमेट लगाए थे इससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। मामले की जानकारी पर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी समेत अन्य पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा करने का दावा कर रही है।