बाराबंकी। बड्डूपुर क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव शनिवार को घर के पास तालाब में मिला। युवक का पड़ोसी रिश्तेदारों से रास्ते का विवाद हुआ था। परिवारीजनों ने उन पर युवक की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक सरैया मातबरनगर गांव में सोनू वर्मा व भोला करीबी रिश्तेदार हैं। दोनों के घर आसपास हैं। तीन दिन पहले रास्ता निकलने के विवाद में सोनू (35) पुत्र सुशील का भोला व उसके पुत्र सचिन से विवाद हुआ था। इसके बाद गुरुवार शाम सोनू लापता हो गया। परिवारीजन उसकी खोज में जुटे थे। शनिवार सुबह सोनू का शव घर के पास स्थित बालात में उतराता देखा गया। ग्रामीणों ने शव को निकाला। सूचना पर पहुंचे भगौली चौकी प्रभारी अभिषेक यादव ने छानबीन की। उधर मृतक के पिता का आरोप है कि रास्ता निकलने को लेकर हुए झगड़ में उसके पुत्र की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। चौकी प्रभारी का कहना है कि सोनू के शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।