बाराबंकी। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर शनिवार को एक कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। इस हादसे में कार चालक समेत दो लोग घायल हो गये। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दादरा के निकट हुआ। पुलिस के मुताबिक चावल लादकर बाराबंकी की ओर जा रहे ट्रक में पीछे से एक तेज रफ्तार कार घुस गई। इस हादसे में कार चालक सगीर आलम (24) निवासी जुलेड़ोला लालगढ़ चंपारण बिहार व महेशचंद्र निवासी अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।