बाराबंकी। शासन के निर्देश पर सोमवार से परिषदीय के साथ निजी स्कूल भी खुल जाएंगे। नौनिहालों के स्वागत को लेकर जहां निजी स्कूलों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने भी शिक्षण कार्य कराने की तैयारी की है। कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में प्राथमिक विद्यालयों की संख्या करीब 17 सौ है। इनमें करीब ढाई लाख नौनिहाल नामांकित हैं। कोविड के बढ़ते संक्रमण के चलते शासन के निर्देश पर ये परिषदीय विद्यालय काफी दिनों से बंद चल रहे थे। संक्रमण का स्तर काफी होने के बाद सोमवार से सभी परिषद स्कूलों में शिक्षण कार्य फिर से होगा। इस संबंध में शासन से निर्देश मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वहीं दूसरी ओर निजी स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की शिक्षण व्यवस्था भी बंद थी। ये स्कूल भी सोमवार से खुलेंगे। बीएसए अजय सिंह ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल के बीच परिषदीय स्कूल खुल रहे हैं। इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।