बाराबंकी के जहांगीराबाद इलाके में एक अनुसूचित जाति के युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। वाजिदपुर गांव के युवक का आरोप है कि बरात से लौटते वक्त रास्ते में रोककर कोडरी निवासी सौरभ यादव ने साथियों के साथ नग्न करके बेरहमी से पीटा और पैरों पर नाक रगड़वाई। पेशाब पिलाने तक का आरोप है। पुलिस ने जांच में पाया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।
युवक ने तहरीर देकर बताया कि 27 अप्रैल की रात करीब दो बजे वह बरात से लौट रहा था। इसी दौरान बन्नी पुलिया के पास सौरभ यादव अपने साथियों के साथ मिला और उसे व उसके साथियों को रोक लिया। आरोपियों ने उसे घूंसे, लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
इसके बाद आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर उसे नग्न कर दिया। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और जातिसूचक गालियां देते हुए अपमानित किया। इतना ही नहीं, पानी मांगने पर आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरन पेशाब पिलाया और पैरों पर नाक रगड़वाई। 28 अप्रैल की सुबह मामला संज्ञान में आते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। युवक के बयान लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, इस पूरे मामले में सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मारपीट का मामला सामने आया है। अभी अन्य आरोपों की गहन जांच की जा रही है।