बाराबंकी। विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए शनिवार को 15 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। जिले को छह जोन और 15 सेक्टरों में बांटा गया है। चुनाव मैैदान में उतरे तीन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 2,854 जनप्रतिनिधि करेंगे। वैसे मुुख्य मुकाबला भाजपा और सपा प्रत्याशियों में है। मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच डीआरडीए के गांधी सभागार में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। मतदान के साथ ही मतगणना तक मतपेटियों की सुरक्षा अर्द्धसैनिक बलों के हवाले रहेगी। शुक्रवार दोपहर तक ब्लॉकों पर बने बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियों ने मतदान संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को एमएलसी चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके लिए 15 ब्लॉकों में ही बूथ बनाए गए हैं। मतदाता सूची में 1,161 ग्राम प्रधान, 1,440 बीडीसी, 189 सभासद, 57 डीडीसी, छह विधायक, एक सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, निकाय अध्यक्ष, शिक्षक और स्नातक एमएलसी समेत कुल 2,854 जनप्रतिनिधि मतदाता हैं। इनमें 1,576 पुरुष व 1,278 महिला मतदाता हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसके लिए अतिरिक्त समेत 70 कार्मिकों को लगाया गया है। आयोग द्वारा निर्धारित चार में से कोई एक पहचान पत्र दिखाकर मतदाता वोट डाल सकेंगे। प्रत्येक ब्लॉक पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।
इस बार के एमएलसी चुनाव में भाजपा के अंगद कुमार सिंह, सपा के राजेश यादव राजू और निर्दलीय प्रत्याशी उमाशंकर सिंह किस्मत आजमा रहे हैं। मुुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच दिख रहा है। मतदान के लिए शुक्रवार की सुबह से डीआरडीए के गांधी सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पोलिंग पार्टियों को बूथों पर रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के निर्देश दिए।
दोपहर तक सभी पोलिंग पार्टियों ने बूथों पर पहुंचकर मतदान संबंधी सभी तैयारियां शाम तक पूरी कर ली थीं। मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में कलेक्ट्रेट सभागार में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखकर उसे सील किया जाएगा। इसके बाद 12 अप्रैल को मतगणना के दिन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एमएलसी चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गए हैं।
मतदाताओं को बैलेट पेपर पर प्रत्याशियों के नाम व फोटो के सामने आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी रंग के विशेष पेन से ‘एक’ लिखकर वोट करना होगा। ये पेन मतदान कर्मी द्वारा दिया जाएगा। इसके अलावा बैलेट पेपर में अन्य किसी चीज का प्रयोग करने पर मत अवैध की श्रेणी में आ जाएगा। जिसकी गिनती नहीं की जाएगी।
2,854 मतदाताओं में 413 निरक्षर हैं। इनमें 305 लोगों ने फॉर्म भरकर जिला निर्वाचन अधिकारी से सहायकों के जरिए मतदान करने की अनुमति मांगी थी। ये निरक्षर जनप्रतिनिधि अपने सहायक के साथ जाकर मतदान करेंगे। इस दौरान मतदाता और उसके सहायक दोनों को वोट डालने के लिए प्रपत्र पीठासीन अधिकारी को दिखाने होंगे।