ई रिक्शा में युवती से दुष्कर्म का प्रयास।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर कुशीनगर की एक 21 वर्षीय युवती से ई रिक्शा चालक और उसके साथियों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। साहस दिखाते हुए ई रिक्शा ऑटो से कूदकर भागी और राहगीरों की मदद से पुलिस तक मामला पहुंचा। घटना के बाद हाईवे और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है।
पीड़िता कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह लखनऊ के तिवारीगंज में सहेली संग रहकर प्राइवेट नौकरी करती है। 24 अगस्त की रात लगभग 9 बजे वह वैशाली एक्सप्रेस से बाराबंकी रेलवे स्टेशन उतरी। स्टेशन परिसर में खड़े एक ई रिक्शा चालक ने उसे तिवारीगंज तक छोड़ने की बात कही। ई रिक्शा में पहले से दो युवक बैठे थे, जिन्हें युवती ने सामान्य सवारी समझ लिया। करीब 9:30 बजे जैसे ही ई रिक्शा सफेदाबाद ओवरब्रिज पर पहुंचा, चालक ने वाहन रोक दिया।
ये भी पढ़ें - रोजगार महाकुंभ का शुभारंभ: सीएम योगी बोले- पहले गांव के गांव करते थे पलायन, अब प्रदेश में ही मिल रही नौकरी
ये भी पढ़ें - 'अंतरिक्ष में सिर बड़ा हो जाता है और हृदय गति धीमी...'; शुभांशु ने बताया कैसे रहे स्पेस के बिताए 18 दिन
दोनों युवक बाहर निकलकर ई रिक्शा के आगे-पीछे खड़े हो गए और चालक ने ई रिक्शा का पर्दा गिराकर युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से घबराई युवती किसी तरह ई रिक्शा से कूदकर हाईवे पर दौड़ पड़ी। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने युवती की हालत देखी और तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। तब तक आरोपी ई रिक्शा लेकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने युवती को कोतवाली लाकर पूछताछ की, लेकिन मामला तकरीबन 17 घंटे दबाए रखा गया। आखिरकार सोमवार दोपहर 2:39 बजे एफआईआर दर्ज की गई।
सीओ सिटी हर्षित चौहान ने बताया कि रेलवे स्टेशन से लेकर सफेदाबाद तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें डीएम बंगले के पास लगे कैमरे में संदिग्ध ई रिक्शा दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि शाम तक मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।